बाइक सवार बदमाशों ने किया अपहरण, पुलिस ने घंटों में सुलझाया मामला
दरभंगा। जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर गांव में बुधवार को एक नाबालिग लड़की का बाइक सवार दो युवकों ने उसके घर के दरवाजे से अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब पांच घंटे के भीतर ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, दोनों आरोपियों हरसिंगपुर निवासी मो. अमान और अलीनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी समीर खान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि लड़की की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़िता की मां ने बताया कैसे बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
पीड़िता की मां ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी घर के सामने दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक, मो. अमान और समीर खान, वहां पहुंचे। दोनों ने लड़की का मुंह दबाकर जबरन बाइक पर बैठाया और फरार हो गए। मां के शोर मचाने पर जब तक लोग इकट्ठा होते, तब तक आरोपी लड़की को लेकर भाग चुके थे।
आरोपी की मां ने पीड़िता की मां को दी जान से मारने की धमकी
घटना के बाद पीड़िता की मां अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ आरोपी मो. अमान के घर पहुंचीं और बेटी को वापस करने की मांग की। इस दौरान अमान के परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मां ने आरोप लगाया कि इकबाल की पत्नी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। काफी हंगामे के बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, जिसके बाद उन्होंने घनश्यामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पांच घंटे के भीतर ही लड़की बरामद
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस की सक्रियता के चलते घटना के महज पांच घंटे के भीतर ही लड़की को बेनीपुर बाजार से सकुशल बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

BCB में नेतृत्व बदलाव, तमीम इकबाल बने अध्यक्ष
सुनील गावस्कर ने डेविड मिलर का किया बचाव
क्या हार के डर से सीट बदल रहे ओमप्रकाश राजभर? निषाद पार्टी की सीटों पर नजर
जबलपुर में मंदिर में शादी का मामला, नाबालिग के गर्भवती होने से खुलासा
Bhopal में गैस की कालाबाजारी का खुलासा, छापेमारी में बड़ा घोटाला