शताब्दी वर्ष पर पूर्व छात्रों और उद्योग जगत की भागीदारी
नई दिल्ली| श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के सौवें स्थापना वर्ष के मौके पर आयोजित होने जा रहे एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव के प्री-इवेंट ने राजधानी में माहौल बना दिया। अमर उजाला मीडिया पार्टनर के रूप में इस आयोजन से जुड़ा है। 12 फरवरी को कॉलेज परिसर में हुए इस प्री-इवेंट के दौरान कॉन्क्लेव की आधिकारिक थीम का अनावरण किया गया और तीन दिवसीय महाआयोजन के लिए मंच तैयार किया गया। इस साल कॉन्क्लेव की थीम ‘एक्सीलेंस की सदी: नीति, प्रगति और शांति को फिर से परिभाषित करना’ रखी गई है। यह थीम न सिर्फ एसआरसीसी की सौ साल की बौद्धिक विरासत को दर्शाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की उस जिम्मेदारी को भी रेखांकित करती है, जिसके तहत उन्हें सतत विकास, दूरदर्शी सार्वजनिक नीति और वैश्विक सहयोग को नई दिशा देनी है।
17 से 19 फरवरी तक होगा आयोजन
एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव का आयोजन 17 से 19 फरवरी को एसआरसीसी कॉलेज परिसर में किया जाएगा। यह कॉन्क्लेव अपने 18वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है और इस बार इसका महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि यह कॉलेज के सौवें वर्ष के साथ जुड़ा है। इस ऐतिहासिक संस्करण में देश के जाने-माने नीति निर्माता, मंत्री, सांसद और सैन्य अधिकारी शिरकत करेंगे। प्रमुख वक्ताओं में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, सांसद तेजस्वी सूर्या और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जी.डी. बख्शी शामिल हैं। इनके अलावा कई नीति विशेषज्ञ, उद्योग जगत के दिग्गज और शिक्षाविद भी अपने विचार साझा करेंगे। इन सत्रों में आर्थिक ढांचे को मजबूत करने, नैतिक नेतृत्व को बढ़ावा देने, संस्थागत जवाबदेही, डिजिटल नवाचार और वैश्विक शांति जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होगी।
प्री-इवेंट में रहा उत्सव का माहौल
प्री-इवेंट की शुरुआत कॉलेज परिसर में थीम रिवील से हुई, जिसे खास कार्यक्रम और मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए यादगार बनाया गया। इसके बाद प्रसिद्ध स्टैंड-अप कॉमेडियन विवेक समतानी, कौस्तुभ अग्रवाल और रजत सूद ने अपने हास्य और सहज अंदाज से छात्रों और दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस दौरान गंभीर विचार और हल्के-फुल्के मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। इसी मंच से कॉन्क्लेव की आधिकारिक थीम लॉन्च की गई, जिसने आने वाले भव्य आयोजन की झलक पेश की।

रैपिडो चालक पर चाकू से हमला, बाइक और मोबाइल लूटे
आवारा कुत्तों के मुद्दे पर विधानसभा में जोरदार हंगामा, “कुत्तों के प्रभारी हैं” कैलाश विजयवर्गीय
इंदौर में मेट्रो प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार 11 किमी लंबा ट्रैक तैयार, संचालन की तैयारी तेज
IND vs AUS: वनडे सीरीज के लिए इस धाकड़ ओपनर की भारतीय टीम में वापसी, चोट से उबर कर चार महीने बाद करेंगी वापसी