नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने बुजुर्ग गृहिणियों के योगदान को लेकर एक ऐतिहासिक और बेहद संवेदनशील फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बढ़ती उम्र के साथ किसी बुजुर्ग महिला का परिवार के लिए बेशक आर्थिक सहयोग ना हो, लेकिन एक मार्गदर्शक रूप में उसकी भूमिका और भावनात्मक सहारे के रूप में उपस्थिति बेहद अमूल्य है। जस्टिस अनीश दयाल की बेंच ने सड़क दुर्घटना में दिव्यांग 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मुआवजा रकम बढ़ाते हुए यह टिप्पणी की। बेंच ने कहा कि मुआवजे का अंदाजा इस रूढ़िवादी धारणा या सोच के आधार पर नहीं लगाया जा सकता कि कोई व्यक्ति सिर्फ उम्र के कारण घर में योगदान देना बंद कर देता है। घरेलू काम के लिए पैसे न मिलने से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को फायदा नहीं पहुंचाया जा सकता या पीड़िता को मिलने वाले मुआवजे को कम नहीं किया जा सकता। बेंच ने एक बुजुर्ग गृहिणी को उसकी उम्र के आधार पर सिर्फ परिवार का निर्भर सदस्य मानने के तरीके को खारिज कर दिया। बेंच ने कहा कि बुजुर्ग महिलाएं पोते-पोतियों व परिवार के दूसरे सदस्यों की देखभाल करती हैं, जिनके योगदान को अक्सर पहचान नहीं मिलती क्योंकि उनसे कोई सीधी आमदनी नहीं होती। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल ने पहले बुजुर्ग महिला को 14 लाख 42 हजार का मुआवजा दिया था। हाईकोर्ट ने इसमें छह लाख 37 हजार रुपये की बढ़ोतरी करते हुए कुल मुआवजा 20 लाख 79 हजार रुपये कर दिया है, जिस पर याचिका दायर करने की तारीख से साढ़े 7 फीसदी का वार्षिक ब्याज भी देय होगा। अदालत ने पहले यह कहकर भविष्य की आय का मुआवजा देने से इनकार कर दिया था कि वे कभी कामकाजी नहीं रहीं। हाईकोर्ट ने इस रूढ़िवादी सोच को खारिज करते हुए कहा कि बिना वेतन के किए जाने वाले घरेलू काम व पोते-पोतियों की देखभाल जैसी सेवाओं का आर्थिक मूल्य होता है।