नई दिल्ली। वसंत कुंज नार्थ थाना पुलिस ने जर्मनी की नागरिकता दिलाने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक पूर्व नौकरशाह की बेटी पूनम जेजलर को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह विदेश भागने की फिराक में थी। गुरुवार को आरोपित पूनम जेजलर को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अनिमेष कुमार ने आरोपित को 16 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। आरोपित महिला खुद को मध्य प्रदेश के पूर्व कानून सचिव की बेटी बताती है। ठगी को लेकर तिमारपुर निवासी शिकायतकर्ता ने चार अक्टूबर 2025 को वसंत कुंज नार्थ थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी था।