ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी के निवासियों में पेयजल संकट को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला, जो मंगलवार को सड़क पर उतर आया। सोसाइटी में पानी का प्रेशर बेहद कम होने और आपूर्ति बाधित रहने से परेशान दर्जनों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने मुख्य सड़क पर बैठकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया।

सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस

सड़क जाम होने और भारी हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे निवासियों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और सड़क खाली कर यातायात सुचारू करने की अपील की, लेकिन निवासी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।

सोसाइटी के निवासी सौरव ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस की मध्यस्थता से बिल्डर प्रबंधन के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया जा रहा है। निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में लंबे समय से पानी के कम प्रेशर और सप्लाई की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और बिल्डर से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष को मजबूर निवासी

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी और अत्यंत आवश्यक सुविधा के लिए उन्हें बार-बार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक तीव्र करने के लिए बाध्य होंगे।