शिवपुरी में बड़ा हादसा टला, कार में आग लगते ही सवारों ने लगाई छलांग
शिवपुरी| शिवपुरी जिले के भैंसोंरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हाईवे पर अचानक एक चलती कार में भीषण आग लग गई। जैसे ही चालक ने कार से उठती लपटें देखीं, उसने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया। कार में सवार दोनों लोग तुरंत बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हुई गाड़ी
देखते ही देखते सड़क किनारे खड़ी कार आग की भीषण चपेट में आ गई और कुछ ही समय में पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गई। यह दुर्घटना रात करीब 8 बजे घटी बताई जा रही है।
इंदौर जा रहे थे कारोबारी, दोनों सुरक्षित
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी प्रेम गुप्ता और देव करारा अपनी कार से चिकित्सा से संबंधित सामग्री लेने इंदौर जा रहे थे। जैसे ही वे भैंसोंरा गांव के करीब पहुंचे, अचानक वाहन के आगे से लपटें निकलने लगीं। दोनों यात्रियों ने बिना समय गंवाए बाहर छलांग लगाई, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित बच गए। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसके कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, दूसरे लेन से निकाला यातायात
हाइवे पर कार में आग लगने की सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद चौहान पुलिस बल के साथ तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। हाईवे पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए अन्य वाहनों को दूसरी लेन से डायवर्ट कर निकाला। इसके बाद मोहना से दमकल की गाड़ी बुलाई गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।

13 डॉलर की जासूसी डिवाइस ने खोली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पोल?
‘विपक्ष का सिर्फ एक मकसद रिजीम चेंज’, राहुल गांधी और CJP पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान
अनंत सिंह ने पहली बार नीतीश कुमार पर बोला खुलकर हमला, दिया बड़ा बयान
MP में बिजली संकट पर मंत्री का बयान, शहरों के बजाय गांवों में क्यों कट रही बिजली?
ट्विशा शर्मा मामले की सुनवाई पर ब्रेक, पिता ने की थी दिल्ली ट्रांसफर की मांग