एशियाड दल के खिलाड़ियों की होगी फिटनेस परीक्षा, दिल्ली में 10 सितंबर को प्रदर्शन
नई दिल्ली। एशियाई खेलों के लिए भारतीय एथलेटिक्स दल में चयनित सभी 77 एथलीटों को जापान रवाना होने से पहले अपनी फॉर्म और फिटनेस साबित करनी होगी। भारतीय एथलेटिक्स संघ (एएफआई) ने आगामी 10 सितंबर को दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में एक विशेष 'फाइनल सीरीज' आयोजित करने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, दल में शामिल सभी खिलाड़ियों के लिए इस ट्रायल में उतरना अनिवार्य होगा और मानक से बेहद खराब प्रदर्शन या अनफिट पाए जाने पर संबंधित एथलीट का टिकट रद्द किया जा सकता है।
साबले, ज्योति और अनु रानी के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी निगाहें
इस फिटनेस व प्रदर्शन ट्रायल में सर्वाधिक ध्यान पिछले एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अविनाश साबले (3,000 मीटर स्टीपलचेज) और रजत पदक विजेता ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़) पर रहेगा। दोनों एथलीट वर्तमान में चोट के बाद पुनर्वास (रिहैब) के दौर से गुजर रहे हैं, इसलिए चयन के बावजूद उनका मैदान पर उतरना अनिवार्य किया गया है। वहीं जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक विजेता अनु रानी भी अब तक इस सत्र के निर्धारित क्वालिफाइंग मानक को नहीं छू सकी हैं। चीन की यान जीयी जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वियों की मौजूदगी को देखते हुए एएफआई ने अविनाश और अनु को इस सीरीज में क्वालिफाइंग मार्क हासिल करने की स्पष्ट हिदायत दी है। दूसरी ओर, चोटिल हाईजंपर सर्वेश कुशारे और ट्रिपल जंपर प्रवीण चित्रवेल को इस ट्रायल से छूट मिल सकती है, हालांकि उनके एशियाड में भाग लेने की संभावना बरकरार है।
पटियाला और बेंगलुरु में खिलाड़ियों के अनुकूलन के लिए बसाया 'मिनी जापान'
जापान में आयोजित होने वाले इन खेलों में पारंपरिक खेल गांव उपलब्ध नहीं होने के कारण भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने खिलाड़ियों को वहां की परिस्थितियों में ढालने के लिए अनूठी पहल की है। पटियाला के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स और बेंगलुरु स्थित साई केंद्र में विशेष कंटेनर आवास तैयार कर 'मिनी जापान' का माहौल बनाया गया है। साई के उपमहानिदेशक विनीत कुमार के अनुसार, 13 मीटर लंबे और 3 मीटर चौड़े इन कंटेनरों में जापानी शैली के कॉम्पैक्ट कमरे, छोटे बिस्तर, लॉन्ड्री, किचन और रेफ्रिजरेटर की व्यवस्था की गई है। 28 अगस्त से एथलीटों को बारी-बारी से इनमें एक रात ठहराया जा रहा है, साथ ही विशेष शेफ द्वारा तैयार जापानी भोजन भी दिया जा रहा है ताकि वे वहां के वातावरण से पूरी तरह सहज हो सकें।
सीनियर स्तर पर पहली बार भारतीय दल के साथ जाएंगी सुरक्षा अधिकारी
एशियाई खेलों के इतिहास में पहली बार भारतीय दल के साथ एक आधिकारिक सुरक्षा (सेफगार्डिंग) अधिकारी को भेजा जा रहा है। भारतीय सॉफ्टबॉल संघ की अध्यक्ष नीतल नारंग को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे प्रतियोगिता के दौरान एथलीटों के साथ किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार अथवा मानसिक तनाव से संबंधित मामलों के लिए प्राथमिक संपर्क सूत्र का कार्य करेंगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का सेफगार्डिंग ऑफिसर सर्टिफाइड कोर्स पूरा किया है। भारत के 503 एथलीटों के विशाल दल में 234 महिला खिलाड़ी और 246 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ में 56 महिलाएं शामिल हैं, जिनकी सुरक्षा और सुविधा की निगरानी नारंग करेंगी।

13 डॉलर की जासूसी डिवाइस ने खोली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पोल?
‘विपक्ष का सिर्फ एक मकसद रिजीम चेंज’, राहुल गांधी और CJP पर बरसे धर्मेंद्र प्रधान
अनंत सिंह ने पहली बार नीतीश कुमार पर बोला खुलकर हमला, दिया बड़ा बयान
MP में बिजली संकट पर मंत्री का बयान, शहरों के बजाय गांवों में क्यों कट रही बिजली?
ट्विशा शर्मा मामले की सुनवाई पर ब्रेक, पिता ने की थी दिल्ली ट्रांसफर की मांग