गुरुग्राम |गुरुग्राम में अंबेडकर चौक (सेक्टर-45-46-51-52 चौक) पर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) अधिकारी के मुताबिक 15 फरवरी तक टेंडर आवंटित कर दिए जाएंगे। टेंडर आवंटन के डेढ़ साल के अंदर यह फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाएगा।करीब एक किमी लंबाई के इस फ्लाईओवर के निर्माण में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मौजूदा समय में इस चौराहे पर ट्रैफिक जाम लगता है। जीएमडीए ने इस चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाया है, लेकिन यातायात बेहद अधिक होने की वजह से सुबह और शाम के समय इस चौराहे को पार करने में वाहन चालकों को 10 से 15 मिनट तक ट्रैफिक जाम लग जाता है। इस वजह से वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानियों को देखते हुए जीएमडीए ने दो-दो लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है। यह फ्लाईओवर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की तरफ बनाया जाएगा।

गुरुग्राम के सोहना में बनेगी नई इंडस्ट्रियल टाउनशिप, NCR में बढ़ेंगे जॉब-रोजगार

सेक्टर-52 की आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान प्रदीप बोहरा के मुताबिक इस फ्लाईओवर के बनने के बाद इस चौक पर ट्रैफिक जाम नहीं लगेगा। अभी काफी देर तक ट्रैफिक सिग्नल पर इंतजार करना पड़ता है।जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के मुताबिक इस फ्लाईओवर के निर्माण का डिजाइन बनकर तैयार हो चुका है। सलाहकार कंपनी की तरफ से टेंडर दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। इसके निर्माण का टेंडर अतिशीघ्र लगाया जाएगा। अगले तीन से चार महीने के अंदर इस फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो जाएगा। अगले साल में यह बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने के बाद वाहन चालकों को इस चौराहे से निकलने में राहत मिलेगी।

गुरुग्राम में हर सड़क-नाले व सीवर लाइन की डिजिटल आईडी बनी, क्या होंगे इसके फायदे

दादी सती चौक पर फ्लाईओवर का टेंडर जल्द लगेगा : दादी सती चौक (सेक्टर 85-86-89-90 चौक) पर फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर भी इस महीने में लग जाएगा। जीएमडीए की तरफ से योजना बनाई है कि भविष्य में इस चौक पर यातायात अधिक बढ़ेगा।

निर्माण के दौरान वाहन चालक परेशान नहीं होंगे

जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के मुताबिक फ्लाईओवर निर्माण के दौरान वाहन चालकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मेट्रो या एनएचएआई परियोजना के तहत सिर्फ उतने हिस्से में बेरिकेडिंग की जाएगी, जिसमें निर्माण होगा। सड़क को आवागमन के लिए बंद नहीं किया जाएगा। फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर भी इस महीने में लग जाएगा।