रायपुर| छत्तीसगढ़ विधानसभा के चल रहे मानसून सत्र का आज चौथा दिन है, जिसमें सदन की कार्यवाही काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। आज प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के महत्वपूर्ण सवालों पर विभागीय मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदन में उपस्थित रहकर जवाब देंगे। वहीं, विधायी कार्यों के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल अपने-अपने विभागों से संबंधित आवश्यक प्रतिवेदनों और पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।

63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों से गरमाएगा सदन, PDS पर होगी तीखी बहस

आज की कार्यसूची के मुताबिक, सदन में जनहित से जुड़े कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी, जबकि 8 माननीय विधायक अपनी-अपनी जन याचिकाएं सदन के सामने प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़ी खामियों और राशन वितरण के मुद्दों पर विधायक सुशांत शुक्ला ध्यानाकर्षण के जरिए सरकार को घेरेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल द्वारा दिया जाएगा।

अग्निशमन संशोधन और ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस समेत कई अहम विधेयक होंगे पेश

विधायी कामकाज को आगे बढ़ाते हुए आज गृहमंत्री विजय शर्मा सदन में 'छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक' को चर्चा और पारित कराने के लिए पटल पर रखेंगे। इसके साथ ही, सूबे में औद्योगिक परिदृश्य को मजबूत करने के लिए उद्योग मंत्री द्वारा 'छत्तीसगढ़ औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम' प्रस्तुत किया जाएगा। व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में 'छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक' को भी सदन से मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया आज पूरी की जाएगी।

खेल यूनिवर्सिटी और प्लास्टिक बैन को लेकर विधायक लाएंगे अशासकीय संकल्प

सदन की कार्यवाही के दौरान आज दो महत्वपूर्ण अशासकीय संकल्प भी चर्चा के लिए लाए जाएंगे। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में लगातार बढ़ते प्लास्टिक के उपयोग पर चिंता जताते हुए इसे नियंत्रित करने के लिए एक अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। वहीं, युवा विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ के युवाओं और खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से राज्य में एक सर्वसुविधायुक्त 'खेल विश्वविद्यालय' (स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी) की स्थापना की मांग को लेकर सदन में अपनी बात रखेंगे।