AIADMK में बगावत गहराई, तीन विधायकों ने छोड़ा पद; आधव अर्जुन से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चाएं
चेन्नई : तमिलनाडु की राजनीति में सोमवार को एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के तीन बागी विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। ये तीनों विधायक पार्टी के भीतर सी वी शनमुगम और एस पी वेलुमणि के नेतृत्व वाले बागी गुट का हिस्सा माने जा रहे थे। सोमवार को इन तीनों विधायकों ने सचिवालय में तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) जेसीडी प्रभाकर से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसे स्पीकर ने तुरंत मंजूर भी कर लिया है।
इन तीन विधायकों ने छोड़ी कुर्सी
इस्तीफा देने वाले विधायकों में मदुरंतकम सीट से मरगाथम कुमारवेल, धारापुरम सीट से सत्यभामा और पेरुंदुरई सीट से जयकुमार शामिल हैं। इन तीनों ने ही एआईएडीएमके के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव जीता था। विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपने के तुरंत बाद ये तीनों नेता तमिलनाडु सरकार के मंत्री और टीवीके नेता आधव अर्जुना से मिलने उनके दफ्तर पहुंचे, जिसके बाद राज्य की राजनीतिक गलियारों में हलचल और ज्यादा तेज हो गई है।
टीवीके सरकार को दिया था समर्थन
दरअसल, ये तीनों विधायक एआईएडीएमके के उन 25 बागी सदस्यों के गुट में शामिल थे, जिन्होंने पिछले दिनों अपनी ही पार्टी के व्हिप (आदेश) का उल्लंघन किया था। इन विधायकों ने तमिलनाडु विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट (बहुमत परीक्षण) के दौरान पार्टी लाइन से अलग जाकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार के समर्थन में अपना वोट डाला था। तभी से यह माना जा रहा था कि इनका अपनी मूल पार्टी से नाता पूरी तरह टूट चुका है।
मुख्यमंत्री विजय की पार्टी में शामिल होने की अटकलें
इस्तीफे की इस पूरी प्रक्रिया और सरकार के मंत्रियों के साथ हुई मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चाएं तेज हैं कि ये तीनों पूर्व विधायक बहुत जल्द मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) की सदस्यता ले सकते हैं। इन तीन अहम इस्तीफों के बाद अब तमिलनाडु की विधानसभा सीटों के समीकरण बदलने वाले हैं और आने वाले दिनों में यहाँ की सियासत में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

क्या सचिन और गांगुली खेलना चाहते थे T20 विश्व कप? ललित मोदी ने किया खुलासा
अमेरिकी टेक जगत में भारतीयों का डंका: 96 यूनिकॉर्न कंपनियों के साथ सबसे आगे रहा भारत, एनएफएपी की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
भारतीय T20 टीम में बदलाव की बयार, कप्तान-उपकप्तान पर जल्द फैसला
फिल्म पाइरेसी पर कड़ा प्रहार, 'जन नायकन' मामले में छह लोग पकड़े गए
लोन की ईएमआई पर राहत बरकरार: आरबीआई एमपीसी ने 5.25% पर स्थिर रखी रेपो रेट, न्यूट्रल स्टांस जारी