Weather Alert: दिल्ली में कड़ाके की ठंड, दो दिन तक रह सकता है कोहरा, जानें प्रदूषण स्तर
दिल्ली में अब सर्दी का असली असर दिखने लगा है. उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते रात के तापमान में तीन डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है. लोगों को सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है. ठंडी हवाओं ने दिल्ली की सर्दी को और तीखा बना दिया है |
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम है. रात में ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए |
दो दिन छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे को लेकर भी चेतावनी दी है. अनुमान है कि दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है. खासतौर पर सुबह के समय दृश्यता कम होने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है |
दिन में रहेंगे हल्के बादल
हालांकि, दिन के समय हालात थोड़े राहत भरे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि दिन में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तेज धूप निकलने की भी संभावना है. इसी वजह से अधिकतम तापमान अभी सामान्य से ऊपर बना हुआ है. दोपहर के वक्त धूप खिलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस होता है |
हवा की गुणवत्ता में सुधार
सर्दी के साथ-साथ दिल्ली की हवा को लेकर भी राहत भरी खबर है. लगातार दूसरे दिन राजधानी में प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की गई है. दिन भर तेज धूप और हवा चलने से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है. फिलहाल एक्यूआई 286 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है, लेकिन पहले की तुलना में स्थिति बेहतर है |
हालांकि, वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का कहना है कि अगर हवा की रफ्तार कम हुई तो अगले 24 घंटे में प्रदूषण का स्तर फिर से बहुत खराब श्रेणी में जा सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ सकता है |

राशिफल 05 जून 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार
बैगा अंचल की संस्कृति से प्रभावित हुई नेशनल जियोग्राफी ट्रैवलर टीम, छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन को बताया अद्भुत
पुलिस प्रशिक्षण शाला उज्जैन में 206 नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न
स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ : उप मुख्यमंत्री शुक्ल